इक्वाडोर भूकंप में 499 की मौत

क्वीटो, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। इक्वाडोर में 16 अप्रैल को आए भूकंप में 499 लोगों की मौत हो गई। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.8 दर्ज की गई थी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, भूकंप से सर्वाधिक प्रभावित पश्चिमी मनाबी प्रांत के पेडरनल्स में कुल 159 लोगों की मौत हो गई।

अभियोजक कार्यालय के मुताबिक, मांता से 142 शव बरामद किए गए। पोटरेवेजो में 116 शवों की पहचान हो चुकी है और उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।

जोखिम प्रबंधन के राष्ट्रीय मंत्रालय के मुताबिक, इसके अलावा, कुल 4,027 लोग घायल हो गए हैं और 231 लापता हैं।

मंत्रालय के मुताबिक, भूकंप के बाद 20,503 लोग शिविरों में रह रहे हैं।

इक्वाडोर दमकल विभाग के प्रमुख एबर अरोयो के मुताबिक, मंगलवार को मांता की इमारत से तीन लोगों को जीवित बाहर निकाला गया।

अरोयो ने कहा, “हमने सुबह 4.30 बजे के आसपास तीन लोगों को सकुशल बाहर निकाला और हम अभी और लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।”

जिन तीन लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया, उनमें दो महिलाएं और एक पुरुष हैं, जिन्हें तत्काल ही इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493