पनामा सिटी, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। दुनिया भर के नेताओं और नामचीन हस्तियों के विदेश में निवेश के आंकड़े लीक होने से चर्चा में आई कानूनी कंपनी मोजेक फोंसेका ने दस्तावेज नष्ट करने के आरोपों से इनकार किया है। उसने दावा किया है कि जो टुकड़े-टुकड़े किए कागजों से भरे बैग को जांचकर्ताओं ने उसके एक ठिकाने से जब्त किए थे और उनमें जो सूचनाएं थीं, वे उससे पहले हुई छापेमारी में पहले ले ली गई थीं।
एक बयान में कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि उसने सभी दस्तावेजों का कंप्यूटरीकरण कर दिया है और हर चीज जो हटाई गई है, उनकी प्रतियां अभियोजकों के पास पहले से ही हैं।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, कंपनी ने कहा कि उसने दस्तावेजों को पनामा शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक गोदाम में भेज दिया है, ताकि उनका पुनर्चक्रण किया जा सके। वह गोदाम इस कंपनी के मुख्यालय से 15 किलोमीटर की दूरी पर है।
नवगठित संस्था स्पेशल प्रोसीक्यूटर फॉर आर्गनाइज्ड क्राइम के प्रमुख जेवियर कोराबालो ने उस इमारत से बाहर निकलते ही कहा कि जांचकर्ताओं को बहुत सारे दस्तावेज मिले हैं और टुकड़े-टुकड़े किए गए दस्तावेजों में क्या लिखा है, इसका विश्लेषण करने के लिए वे उन्हें फिर से एक जगह करके देखेंगे।
राजधानी के बैंकिंग केंद्र में स्थित मोजेक फोंसेका के मुख्यालय में गत 12 अप्रैल को छापामारी हुई थी और करीब 27 घंटे तक तलाशी अभियान चला था, लेकिन आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सुबूत नहीं मिला था।
पूरी दुनिया की मीडिया में यह कंपनी गत तीन अप्रैल को सुर्खियों में आ गई थी, जब इसके धनी और प्रभावशाली मुवक्किलों के लिए खोले गए विदेशी खातों और कंपनियों से जुड़े दस्तावेज लीक हो गए थे।
महत्वपूर्ण लोगों में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, यूक्रेन के राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के रिश्तेदार और चीन के रष्ट्रपति शी जिनपिंग के रिश्तेदार शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath