नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक ‘सिया के राम’ से अभिनय के क्षेत्र में पदार्पण कर चुके पहलवान से अभिनेता बने दानिश अख्तर ने कहा कि उन्होंने कभी भी अभिनय के बारे में नहीं सोचा था। धारावाहिक में वह हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं।
दानिश ने आईएएनएस से कहा, “जब मुझे इस किरदार के लिए संपर्क किया गया तो मैं बहुत खुश हुआ। मेरा मानना है कि हर पहलवान भगवान हनुमान का भक्त होता है। यहां तक कि मैं बचपन से उनका भक्त रहा हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं भगवान हनुमान का बहुत बड़ा भक्त हूं, इसलिए मैं उन्हें मानता हूं। मैं बचपन से हमेशा पहलवान बनना चाहता था। मुझे गर्व होगा अगर मुझे हर बार हनुमान की भूमिका मिले।”
अभिनय के बारे में पूछे जाने पर दानिश ने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं कलाकार बनूंगा। मुझे पहलवानी में अधिक दिलचस्पी है। मैं जालंधर (पंजाब) में द ग्रेट खली सर की अकादमी में कुश्ती सीखी थी, लेकिन मैंने अभिनय के बारे में एक बार भी नहीं सोचा था।”
दानिश ने यह भी कहा कि वह अधिक फिल्में नहीं देखते हैं।
उन्होंने कहा, “मैंने सिनेमागृह में एक भी फिल्म नहीं देखी है। कुश्ती की वजह से फिल्म देखने का समय मुश्किल से निकाल पाता हूं। हालांकि मैं दारा सिंह को अपना आदर्श मानता हूं।”
‘सिया के राम’ का प्रसारण स्टार प्लस पर किया जा रहा है, जिसमें रामायण को सीता के नजरिए से दिखाया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath