राजकोट, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। कप्तान विराट कोहली (नाबाद 100) के शानदार शतक की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर टीम ने रविवार को सौराष्ट्र क्रिकेट संघ मैदान पर जारी इंडियन प्रीमियर लीग के नौवें संस्करण के 19वें मुकाबले में गुजरात लायंस के सामने 181 रनों का लक्ष्य रखा है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलोर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट पर 180 रन बनाए। इसमें कप्तान विराट कोहली के अलावा लोकेश राहुल के नाबाद 51 रन भी शामिल हैं। अब्राहम डिविलियर्स ने भी 20 रना जोड़े।
कप्तान 63 गेंदों 11 चौके और एक छक्का लगाकर नाबाद लौटे। लोकेश ने 35 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के लगाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 74 गेदों पर 121 रन जोड़े। यह आईपीएल और टी-20 क्रिकेट में कोहली का पहला शतक है।
बेंगलोर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने 8 रन के कुल योग पर ही शेन वाटसन (6) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद हालांकि कोहली और डिविलियर्स ने दूसरे विकेट के लिए तेजी से 51 रन जोड़े।
यह साझेदारी 36 गेंदों पर हुई। डिविलियर्स ने 16 गेंदों पर दो चौके लगाए। उनका विकेट 59 के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद लोकेश राहुल कप्तान का साथ देने आए। शुरुआत में तो राहुल धीमा खेले लेकिन बाद में वह तेजी से रन बनाने के मामले में कप्तान से कदम मिलाने लगे।
एक समय ऐसा भी आया जब उनका स्ट्राइक रेट कप्तान से आगे निकल गया। इसी दौरान कप्तान ने आईपीएल-9 में अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया। राहुल ने भी आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक लगाया।
अंतिम पांच ओवरो में बेंगलोर ने बिना कोई विकेट गंवाए 64 रन बटोरे। 19वें ओवर में 11 और 20वें ओवर में 17 रन बने।
दोनों टीमों का यह पांचवां मैच है। गुजरात ने अब तक तीन मैच जीते हैं और एक मैच गंवाया है। वह छह अंकों के साथ तालिका में चौथे क्रम पर है।
दूसरी ओर, भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली की बेंगलोर टीम ने चार में से दो मैच जीते हैं और दो गंवाए हैं। वह चार अंकों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है।
dharmpath.com dharmpath