‘आर एंड बी’ के गायक बिली पॉल नहीं रहे

न्यूयॉर्क, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मशहूर संगीत शैली ‘आर एंड बी’ के गायक बिली पॉल नहीं रहे। उन्हें विशेष रूप से उनके एकल गीत ‘मी एंड मिसेज जोन्स’ के लिए जाना जाता है।

वेबसाइट ‘मिरर डॉट को डॉट यूके’ की रिपोर्ट के अनुसार, बिली (80) ने ‘गंभीर चिकित्सीय हालात’ के बाद 24 अप्रैल को न्यू जर्सी स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनका हाल में अग्नाशय के कैंसर का ऑपरेशन हुआ था।

उनकी वेबसाइट पर एक बयान में लिखा गया, “हम बहुत दुख के साथ सूचित करते हैं कि बिली का आज गंभीर चिकित्सीय हालात के बाद उनके घर पर निधन हो गया।”

बयान में कहा गया, “हम उनकी पत्नी ब्लांश व उनके परिवार के प्रति उनके इस दुख पर दिल से संवेदना जताना चाहेंगे। वे और पूरी दुनिया एक ऐसी अन्य संगीत शख्सियत के जाने से शोकसंतप्त है, जिसने आज के आर एंड बी संगीत की मदद की। बिली हमेशा याद किए जाएंगे।”

बिली ने अपने 60 वर्षो से लंबे करियर में ‘मी एंड मिसेज जोन्स’ के लिए 1972 में ग्रैमी अवार्ड जीता।

बिली का असल नाम पॉल विलियम्स था, लेकिन बाद में अपने मैनेजर के सुझाव पर वह अपना नाम बदलकर बिली पॉल रखने के लिए तैयार हो गए। दरअसल वह नहीं चाहते थे कि लोग गीतकार पॉल विलियम्स व इसी नाम के अन्य संगीतकारों व उनके नाम में उलझें।

अमेरिकी गीतलेखन टीम ‘गैंबल व हफ’ के साथ उनकी शुरुआती अल्बम ‘एबनी वूमन’ और ‘गोइंग ईस्ट’ व ‘मी एंड मिसेज जोन्स’ ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया।

पॉल के परिवार में पत्नी ब्लांश व दो बच्चे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493