‘रियो को फुटबाल विश्व कप से अधिक ओलम्पिक से फायदा’

रियो डी जेनेरियो, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। रियो डी जेनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों की शुरुआत में 100 दिनों का वक्त शेष रह गया है। रियो के महापौर एडुआडरे पेस का कहना है कि इन खेलों से शहर को फुटबाल विश्व कप की तुलना में अधिक फायदा होगा।

ब्राजील में दो साल पहले फुटबाल विश्व कप का आयोजन किया गया था।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पेस ने कहा, “इसमें कोई नई बात नहीं है। ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों का आयोजन करने वाले शहर के लिए ये तभी मायने रखते हैं जब इनसे शहर के नागरिकों को भी फायदा होता है।”

महापौर ने कहा, “ये खेल एक अवसर है, उत्प्रेरक है, जिससे कई सवाल हल होंगे। ऐसे सवाल, जिसके कारण रियो के नागरिकों को कई दशकों से अपने जीवन की गुणवत्ता के साथ समझौता करना पड़ रहा है।”

ब्राजील में 2014 के फुटबाल विश्व कप से पहले इसके आयोजन के खिलाफ व्यापक तौर पर कई प्रदर्शन किए गए थे। आईओसी का कहना है कि हाल ही के सर्वेक्षण से पता चलता है कि 70 प्रतिशत स्थानीय लोग ओलम्पिक के समर्थन में हैं।

खेलों की तैयारी के लिए ब्राजील सरकार ने सार्वजनिक नीति विनियमन जारी किया है, जिसमें ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों के लिए 27 परियोजनाएं शामिल हैं। ये परियोजनाएं ऐसे तमाम क्षेत्रों से जुड़ी हैं जिनका सीधा लाभ खेलों के बाद शहर को मिलेगा।

रियो में ओलम्पिक की तैयारियां अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर रही हैं। हालांकि, कुछ अंतर्राष्ट्रीय खेल संघों ने इसकी तैयारी पर चिंता जताई है।

पेस ने कहा कि ओलम्पिक खेलों से पहले होने वाले टेस्ट इवेंट के माध्यम से खेल आयोजन स्थलों की जांच की जाती है। वह आश्वस्त हैं कि खेलों के दौरान सभी चीज सही से काम करेगी।

रियो के महापौर ओलम्पिक खेलों के टिकटों की धीमी बिक्री के बारे में चिंतित नहीं हैं। अब तक केवल 62 प्रतिशत टिकट ही बिके हैं। उन्होंने कहा कि ब्राजील के लोगों की आदत है कि वे जब कार्यक्रम की तिथि नजदीक आ जाती है, तब टिकट खरीदते हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि स्टेडियम भरे मिलेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493