मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। उमंग कुमार की आगामी फिल्म ‘सरबजीत’ में नजर आने वाली अभिनेत्री ऋचा चड्ढा का कहना है कि फिल्म की तुलना में उन्हें असल जीवन की घटनाएं अधिक रुचिपूर्ण लगती हैं।
यह फिल्म भारतीय किसान सरबजीत सिंह की जीवनी पर आधारित है, जिन्हें पाकिस्तान में आतंकवाद और जासूसी का दोषी करार दिया गया था और उन्हें मौत की सजा सुनाई गई थी।
‘सरबजीत’ फिल्म के गीत ‘तुंग लक’ के लांच पर गुरुवार को ऋचा ने कहा, “मुझे फिल्म के बजाय असल जीवन में अधिक रुचि है। इसलिए,जब भी असल जीवन की किसी घटना पर फिल्म बनती है, तो मेरे लिए यह अधिक उत्साह की बात होती है।”
ऋचा ने कहा, “मैं काफी भाग्यशाली हूं कि मुझे असल जीवन के किरदार सरबजीत की पत्नी की भूमिका निभाने का अवसर मिला।”
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में निभाए नगमा खातून के किरदार से तुलना पर ऋचा ने कहा, “सरबजीत की पत्नी साधारण थी। दोनों किरदारो में एक ही समानता थी कि वह समय के साथ बूढ़ी होती हैं।”
ऋचा ने कहा कि ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ की नगमा काफी तेज, उग्र और मुंहफट थी, लेकिन सुखप्रीत शांत और साधारण महिला है। वह अपने सास-ससुर और बच्चों की जिम्मेदारी उठाती है।
इस फिल्म में ऋचा के अलावा ऐश्वर्य राय बच्चन और रणदीप को भी देखा जाएगा।
उमंग की फिल्म 20 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath