वुहान (चीन) 30 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल शनिवार को बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में हार गईं। उन्हें चीन की यिहान वांग ने हराया।
वुहान स्पोर्ट्स सेन्टर पर 41 मिनट चले मुकाबले में सायना यिहान से 16-21, 14-21 से हार गईं।
सायना की यह यिहान के साथ 15 मुकाबलों में 11वीं हार है।
सायना ने हालांकि पहले गेम में अच्छी शुरुआत करते हुए 9-6 की बढ़त बना ली थी। लेकिन यिहान ने शानदार वापसी की और स्कोर 14-10 कर लिया। इसके बाद चीन की खिलाड़ी ने सायना पर दबाव बनाए रखा और गेम 21-16 से जीत लिया।
दूसरे गेम में यिहान ने अपना एकतरफा खेल जारी रखा और 11-4 की बढ़त बना ली। जल्द ही यह बढ़त 13-4 की हो गई।
इसके बाद सायना ने लगातार तीन अंक हासिल किए और स्कोर 7-13 किया। यिहान ने फिर भारतीय खिलाड़ी को पछाड़ा और लगातार पांच अंक हासिल किए और अंत में 21-14 से गेम जीत कर मैच अपने नाम कर फाइनल में जगह बना ली।
रविवार को होने वाले फाइनल में यिहान का मुकाबला ली झुईरुरी से होगा जिन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की सुंग जी ह्यून को 40 मिनट चले मुकाबले में 22-20, 21-11 से हराया।
dharmpath.com dharmpath