मुंबई, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। निर्देशक-कोरियोग्राफर फराह खान का कहना है कि शाहरुख खान उनकी फिल्म ‘मैं हू ना’ में सबसे बेहतरीन लगते हैं। इसके साथ ही उन्होंने सुष्मिता सेन को सबसे पसंदीदा अभिनेत्री बताया है।
‘मैं हू ना’ फिल्म को शनिवार को 12 साल पूरे हो गए हैं और फराह ने 2004 में रिलीज हुई फिल्म की कुछ यादें ताजा की। उन्होंने इस पर अपने विचार भी साझा किए।
फराह ने ट्वीट किया, “मैं भले ही पक्षपात करूं, लेकिन मुझे लगता है कि शाहरुख 12 साल पहले रिलीज फिल्म ‘मैं हू ना’ में सबसे अच्छे लगते हैं। मेरी पसंदीदा अभिनेत्री सुष्मिता हैं। मिस चांदनी सबसे हॉट टीचर।”
इस फिल्म में जहां शाहरुख ने एक सैन्य अधिकारी की भूमिका निभाई थी, वहीं सुष्मिता को कॉलेज की एक अध्यापिका की भूमिका में देखा गया था। इसमें जायद खान, अमृता राव, कबीर बेदी, सतीश शाह, सुनील शेट्टी, नसीरुद्दीन शाह और किरण खेर भी थे।
फराह ने आगे लिखा, “मेरे ख्याल से आपका पहला प्यार ही आपका सबसे पसंदीदा रहता है। इसमें हमेशा कुछ खास होता है।”
जैकी चेन की आगामी फिल्म ‘कुंग फू योगा’ में एक गीत की कोरियोग्राफी के लिए भी फराह सुर्खियों में रही हैं।
dharmpath.com dharmpath