चेन्नई, 8 मई (आईएएनएस)। अजित कुमार अभिनीत फिल्म ‘वेधालम’ के साथ तमिल फिल्मों में अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता कबीर दुहन सिंह आगामी फिल्म ‘रेक्का’ में अभिनेता विजय सेतुपति के साथ दिखाई देंगे। फिल्म में वह मुख्य किरदार निभा रहे हैं।
कबीर ने आईएएनएस से कहा, “फिल्म ‘वेधालम’ के बाद बहुत से प्रस्ताव आए, लेकिन मैंने उनके लिए हामी नहीं भरी। मैं अपनी दूसरी फिल्म भी पहली फिल्म जैसी चाहता था, इसलिए मैं सही मौके का इंतजार कर रहा था और इसके बाद ‘रेक्का’ का अवसर मिला। मैं विजय सेतुपति के साथ काम को लेकर उत्साहित हूं।”
फिल्म ‘रेक्का’ में लक्ष्मी मेनन और हरीश उत्तमन जैसे सितारे भी प्रमुख भूमिका में हैं।
उन्होंने कहा, “विजय सेतुपति के काम का फैन हूं। फिल्मजगत में हर किसी ने उनके बारे में अच्छा ही बताया है।”
कबीर ने अपनी भूमिका के बारे में बताया कि वह फिल्म में व्यवसायी के किरदार में हैं और 12 मई से शूटिंग शुरू करने वाले हैं।
वह जल्द ही अभिनेता सुदीप के साथ कन्नड़ फिल्म में भी अपने करियर की शुरुआत करने वाले हैं। फिल्म का नाम अभी तय नहीं है।
dharmpath.com dharmpath