तेहरान, 17 मई (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्री जावाद जरीफ ने कहा कि सीरियाई संघर्ष का सैन्य हल और कुछ नहीं, बल्कि एक भ्रम है।
समाचार एजेंसी सिन्हुअा के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय सीरिया समर्थन समूह (आईएसएसजी) की बैठक में भाग लेने के लिए वियना पहुंचने के बाद जरीफ ने कहा, “निसंदेह, आतंकी संगठनों को छोड़ कर हम व्यापक संघर्ष विराम की जरूरत पर जोर देने जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “राजनीतिक हल सीरिया के संकट के खात्मे का एकमात्र उपाय है जोकि 2011 से विदेश समर्थित आतंकवाद के चंगुल में है।”
जरीफ ने कहा, “दुर्भाग्यवश कुछ लोग सैन्य हल चाहते हैं और जिद पर अड़े हैं। इस भ्रम को दूर होना ही होगा और उन्हें राजनीतिक हल की ओर देखना चाहिए।”
आईएसएसजी की मंगलवार की बैठक में भाग लेने वाले देशों में ईरान, अमेरिका, रूस, यूरोपीय संघ और अरब लीग के प्रतिनिधि शामिल हैं।
17 सदस्यीय आईएसएसजी का उद्देश्य सीरिया मसले पर वार्ता आयोजित करना, फरवरी में घोषित युद्ध विराम को बनाए रखना और युद्ध से तबाह देश के विभिन्न इलाकों में संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता पहुंचाना है।
आतंकी संगठनों के खिलाफ लड़ाई में ईरान, सीरिया का एक बड़ा सहयोगी है। ईरान ने पहले सीरिया में अपने सैन्य सलाहकारों की उपस्थिति की भी घोषणा की थी।
dharmpath.com dharmpath