एसबीआई में विलय के विरुद्ध अनुषंगी बैंक यूनियन की हड़ताल

चेन्नई, 17 मई (आईएएनएस)। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के पांच सहयोगी बैंकों के निदेशक मंडलों के कारोबार बंद करने और एसबीआई में विलय के फैसले के विरोध में ऑल इंडिया बैंक एंप्लाईज एसोसिएशन (एआईबीईए) ने 20 मई को हड़ताल की घोषणा की है।

एआईबीईए ने यहां मंगलवार को जारी बयान में कहा कि उसने एसबीआई के पांच सहयोगी बैंकों में 20 मई को हड़ताल की घोषणा की है। ये बैंक हैं -स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर (एसबीटी), स्टेट बैंक ऑफ मैसूर (एसबीएम), स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद (एसबीएच), स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर (एसबीबीजे) और स्टेट बैंक ऑफ पटियाला (एसबीपी)।

एआईबीईए के मुताबिक, मंगलवार को मुंबई में एसबीआई के पांचों सहयोगी बैंकों की बोर्ड बैठक में बैंकों को बंद करने और एसबीआई द्वारा अधिग्रहण किए जाने का कार्यक्रम तय किया गया।

बयान में कहा गया है, “एआईबीईए के सभी वर्कमैन निदेशकों और कुछ अन्य स्वतंत्र निदेशकों द्वारा प्रस्ताव और अपनाई गई प्रक्रिया का विरोध करने के बावजूद इस बारे में फैसला किया गया है।”

एआईबीईए ने कहा, “यह शर्मनाक है कि जहां सरकार कॉरपोरेट गवर्नेस और गुड गवर्नेस की बात करती है, वहीं इस गंभीर मुद्दे पर बिना बताए बोर्ड का कार्यक्रम तैयार किया जाता है और फैसला कर लिया जाता है।”

बयान के मुताबिक, पांचों बैंकों का फैसला वित्तमंत्री द्वारा यूनियन को इस साल 23 मार्च और 25 अप्रैल को दिए गए आश्वासन के अनुरूप नहीं है।

एआईबीईए ने कहा, “उन्होंने कहा था कि सभी पांच बैंकों को एक बैंक में तब्दील किया जा सकता है। लेकिन एसबीआई और सहयोगी बैंक जो करने की कोशिश कर रहे हैं, वह वित्तमंत्री द्वारा कही गई बात के उलट है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493