क्वीटो, 19 मई (आईएएनएस)। इक्वाडोर के पूर्वी तट पर बुधवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और अन्य 85 लोग घायल हो गए। राष्ट्रपति रफायेल कोरेया ने कहा कि इनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 मापी गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जियोफिजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ इक्वाडोर के हवाले से कहा गया कि भूकंप के झटके स्थानीय समयानुसार सुबह 11.46 बजे (1646 जीएमटी) महसूस किए गए। इसका केंद्र भूतल में 15 किलोमीटर नीचे पूर्वी एस्मेरेल्डास प्रांत में था।
एजेंसी ने कहा कि तेज भूकंप से राजधानी क्वीटो सहित देश के कई हिस्सों में हडकंप मच गया, जहां लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए।
इससे पूर्व बुधवार तड़के भी दक्षिण मुइस्ने कैंटन व एस्मेरेल्डास में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 मापी गई और जो भूतल से 32 किलोमीटर नीचे महसूस किए गए।
जियोफिजिकल इंस्टीट्यूट के अनुसार, ये दोनों भूकंप 16 अप्रैल को इक्वाडोर के पूर्वी तट पर आए 7.8 तीव्रता वाले उस भूकंप के आफ्टरशॉक हैं, जिनमें 661 लोग मारे गए थे और करीब 16,600 लोग घायल हुए थे।
अप्रैल में आए भूकंप के बाद सैंकड़ों झटके दर्ज किए जा चुके हैं। बुधवार को आए दो झटके अब तक के सबसे जबर्दस्त झटके हैं।
वहीं, देश के राष्ट्रपति रफायेल कोरेया ने आफ्टरशॉक के बाद बुधवार को स्कूलों में कक्षाएं स्थगित कर दीं।
उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर कहा कि जब तक स्कूलों में हुए नुकसान से संबंधित जानकारी एकत्रित नहीं कर ली जाती, तब तक कक्षाएं स्थगित रहेंगी।
रफायेल ने नुकसान व स्थिति का आकलन करने के लिए राजधानी क्वीटो में इमरजेंसी ऑपरेशन्स कमेटी (सीओई) की एक फौरी बैठक बुलाई है।
राष्ट्रपति ने कहा कि आफ्टरशॉक के बाद कुछ तटीय इलाकों में बिजली कट गई है और बिजली विभाग अब आपूर्ति बहाल करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भूकंप से बांधों को नुकसान नहीं पहुंचा और वे सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath