फिना ने रूसी तैराक एफिमोवा के डोपिंग निलंबन को हटाया

मॉस्को, 21 मई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय तैराकी महासंघ (फिना) के डोपिंग पैनल ने रूस की ओलम्पिक पदक विजेता यूलिया इफिमोवा पर लगाए अस्थायी निलंबन को हटा दिया है।

रूस की राष्ट्रीय तैराकी टीम के मुख्य कोच सेर्गेइ कोलमोगोरोव ने कहा, “मैं अस्थायी निलंबन को हटाए जाने की सूचना को स्पष्ट करता हूं। वह लास एंजेलिस के साथ-साथ विश्व में कहीं भी जा सकती हैं।”

सेर्गेइ ने कहा, “मैं इस स्थिति के समाप्त होने के तरीके से काफी खुश हूं।”

फिना ने 30 मई को महासंघ के डोपिंग पैनल द्वारा इस मुद्दे पर विचार-विमर्श से पहले इफिमोवा पर लगाए अस्थायी निलंबन को हटाने का फैसला लिया। खेल पंचाट न्यायालय में उनके इस मामले की सुनवाई की तारीख तय की जाना बाकी है।

रूस के लिए 2012 ओलम्पिक खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली इफिमोवा चार बार की विश्व चैम्पियन हैं। उन्होंने मार्च में घोषणा करते हुए बताया था कि फरवरी में लिए गए उनके डोपिंग नमूने में प्रतिबंधित दवा ‘मेल्डोनियम’ की मात्रा पाई गई है।

इस सूचना के तुरंत बाद ही इफिमोवा को सभी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से निलंबित कर दिया गया था। हालांकि, विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने 13 अप्रैल को एथलीट के शरीर में ‘मेल्डोनियम’ की एक माइक्रोग्राम से भी कम मात्रा पाई जाने की जानकारी दी थी।

वाडा द्वारा एक जनवरी से प्रतिबंधित दवाओं की सूची में ‘मेल्डोनियम’ दवा का नाम भी शामिल है। प्रतियोगिता के दौरान किसी भी खिलाड़ी के शरीर में इस दवा का प्रभाव पाया जाना डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

इससे पहले रूस तैराक महासंघ (आरएसडब्ल्यू) के अध्यक्ष व्लादिमीर स्लानिकोव ने कहा कि इस मामले में फैसला खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) द्वारा लिया जाएगा।

फिना ने इससे पहले घोषणा की थी कि 24 वर्षीय रूसी तैराक के डोपिंग मामले में सुनवाई 30 मई को होगी, लेकिन इसके बाद महासंघ ने उनके इस मामले को स्विट्जरलैंड की खास अदालत में भेजना का फैसला किया।

सीएएस में इफिमोवा के डोपिंग मामले की सुनवाई के लिए तारीख की घोषणा होना बाकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493