वाशिंगटन, 22 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के एक शीर्ष कमांडर ने सीरिया का एकदिवसीय दौरा किया। उत्तरी सीरिया का उनका यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रहा, जहां उन्होंने उन स्थानीय बलों से मुलाकात की, जिन्हें आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से लड़ने के लिए तैयार किया जा रहा है। अमेरिका को इनसे आईएस के खिलाफ लड़ाई में सहयोग मिलने की उम्मीद है।
‘सीएनएन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी मध्य कमान के कमांडिंग जनरल जोसेफ वोटल सीरिया की यात्रा करने वाले उच्च स्तरीय अमेरिकी सैन्य अधिकारी हैं।
इस दौरान वोटल ने सीरिया के डेमोक्रेटिक बलों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने अमेरिका से अधिक हथियारों की मांग की।
हालांकि, इस दौरे के बारे में अधिक जानकारी का खुलासा नहीं किया गया।
अमेरिका के शीर्ष कमांडर का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जबकि सीरिया में स्थानीय सुरक्षाबलों के साथ मिलकर काम करने के लिए 250 अमेरिकी अतिरिक्त विशेष बलों का देश में पहुंचना शुरू हो गया है।
अमेरिकी सेना का उद्देश्य पहले छोटे समूह को प्रशिक्षित करना तथा बाद में बड़े गिरोहों के साथ लड़ने के लिए भेजना है।
dharmpath.com dharmpath