बोलीवियाई किन्नरों को दस्तावेजों में नाम, लिंग बदलने की अनुमति

ला पाज, 22 मई (आईएएनएस)। बोलीविया में लिंग पहचान कानून को मंजूरी मिल गई है, जिसके बाद अब 18 साल की उम्र से ज्यादा के बोलीवियाई किन्नर (ट्रांसजेंडर) सभी सार्वजनिक और निजी दस्तावेजों में अपने नाम, लिंग और तस्वीरें बदल सकते हैं।

उपराष्ट्रपति अलवारो गार्सिया लिनेरा ने शनिवार को बोलीविया के ला पाज में ‘पैलेस ऑफ गर्वनमेंट’ में कहा, “यह लोकतंत्र है। मुझे इस कानून पर हस्ताक्षर करते हुए खुशी हो रही है। इसके तहत सरकार पहली बार लोगों के यौन झुकाव के बावजूद उन्हें सामाजिक पहचान का अधिकार सुनिश्चित करती है।”

लिनेरा ने कहा, “अब तक यही हुआ है कि इस समूह ने सामने आकर अपने अधिकार मांगे हैं। आज किन्नर समुदाय बोलीविया के लोकतंत्र को समृद्ध कर रहा है।”

बोलीवियाई न्याय मंत्री वर्जीनिया वेलास्को ने भी कहा कि यह कानून देश के संविधान के अनुरूप है, जो हर बोलीवियाई के अधिकारों को मान्यता देता है।

बोलीविया के सदनों में गुरुवार और शुक्रवार को विधेयक पारित होने के बाद हस्ताक्षर समारोह आयोजित हुआ था।

ट्रांसजेंडरों को कानूनी तौर पर अपनी पहचान बदलने से पहले मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराना होगा, जबकि ट्रांससेक्सुअल लोगों को इसके लिए लिंग परिवर्तन की पुष्टि करता मेडिकल सर्टिफिकेट देना होगा।

बोलीविया के एलजीबीटी संगठन के अध्यक्ष लॉरा अलवरेज ने इसी सप्ताह पहले कहा था कि इस विधेयक से कोई 1,500 सदस्यों को लाभ होगा, जिनके कानूनी दस्तावेज उनका लिंग परिवर्तन नहीं दर्शाते। खासतौर पर जो पहले पुरुष थे और जिनके आधिकारिक पहचान पत्र में उन्हें जन्म के समय दिया गया पुलिंग नाम दर्ज है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493