गुवाहाटी, 24 मई (आईएएनएस)। सिंगापुर के फुटबाल क्लब टामपिनेस रोवर्स ने अतिरिक्त समय में किए गए गोल की बदौलत भारत के फुटबाल क्लब मोहन बागान को एशियन फुटबाल परिसंघ (एएफसी) कप के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मंगलवार को 2-1 से हरा दिया।
टामपिनेस के अफीक युनुस ने 117वें मिनट में गोल कर टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया।
निर्धारित समय में 1-1 के स्कोर के बाद मैच अतिरिक्त समय में गया था।
अतिरिक्त समय से पहले मेहमान टीम के तरफ से जोर्डन वेब ने 63वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिला दी थी। लेकिन नौ मिनट बाद ही ब्रिकमजीत सिंह ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।
इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के काफी प्रयास किए, लेकिन कामयाब नहीं रहीं।
मैच के 53वें मिनट में टामपिनेस की टीम 11 खिलाड़ियों की जगह 10 की रह गई। रैफरी ने मुहम्मद शाकिर को उनकी गलती के लिए रेड कार्ड दिखाया।
dharmpath.com dharmpath