माडगाव, 26 मई (आईएएनएस)। मेजबान भारत को एशियाई फुटबाल परिसंघ (एएफसी) अंडर-16 चैम्पियनशिप में ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के ग्रुप में रखा गया है।
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) द्वारा गुरुवार को जारी किए गए बयान के अनुसार, चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने वाली कुल 16 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है।
यह टूर्नामेंट 15 सितंबर से दो अक्टूबर तक फतोर्दा और बामबोलिम स्टेडियम में खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के ड्रॉ एएफसी के निदेशक शिन मांगिल द्वारा गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पार्सेकर और एआईएफएफ की सचिव कुशल दास की मौजूदगी में निकाले गए।
भारत की अंडर-17 टीम के कोच निकोलाई एडम इस ड्रॉ से काफी खुश दिखे।
एडम ने कहा, “मुझे ड्रॉ पसंद आए। जब आप ग्रुप को देखते हैं तो यह सामान्य हैं। हम इसे विश्व कप की तैयारी के तौर पर देख रहे हैं। हमें अभी लंबा सफर तय करना है। मैं विश्व कप की तैयारी से पहले अच्छा टूर्नामेंट चाहता हूं। हमारा लक्ष्य एएफसी कप के सेमीफाइनल में जगह बनाना होगा।”
ग्रुप :
ग्रुप ए -: भारत, यूएई, सऊदी अरब, ईरान
ग्रुप बी -: किर्गिजस्तान, वियतनाम, जापान, आस्ट्रेलिया
ग्रुप सी -: इराक, ओमान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया गणराज्य,
ग्रुप डी -: यमन, थाइलैंड, उज्बेकिस्तान, उत्तर कोरिया।
dharmpath.com dharmpath