म्यूनिख, 29 मई (आईएएनएस)। बायर्न म्यूनिख के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कार्ल-हेंज रुमेनिगे ने शनिवार को अगले फुटबॉल सत्र में रॉबर्ट लेवांडोवस्की के रियल मेड्रिड जाने की खबर को खारिज करते हुए कहा कि वह किसी कीमत पर नहीं बिकेंगे।
पोलैंड के फारवर्ड खिलाड़ी के एजेंट ने खुलासा किया था कि रियल तब से ही लेवांडोवस्की के साथ करार की कोशिश में है, जब से वह बोरुसिया डार्टमंड के लिए खेलते थे। ऐसा कहा जा रहा है कि उन्होंने क्लब के प्रबंधन से भी बात की है।
कार्ल-हेंज ने हालांकि जोर देकर कहा है कि लेवांडोवस्की अगले फुटबॉल सत्र के लिए बायर्न में रहेंगे।
जर्मनी की वेबसाइट ‘किकर’ के अनुसार, कार्ल-हेंज ने कहा, “मैं एक बात निश्चित तौर पर जानता हूं कि आगामी सत्र में लेवांडोवस्की क्लब के लिए खेलेंगे। किसी कोई ऐसा सोचना भी नहीं चाहिए।”
बायर्न के लिए पिछले सत्र में खेले गए 32 लीग मुकाबलों में लेवांडोवस्की ने 30 गोल दागे थे।
dharmpath.com dharmpath