इस्लामाबाद, 29 मई (आईएएनएस)। खबर पख्तूनख्वा में दो साल पहले अपने घर से लापता हुआ एक पाकिस्तानी बच्चा भारत में मिला है।
बच्चे के पिता जफर अली ने कहा कि चारसड्डा जिले में जून, 2014 में जब तुफैल इस्माइल परिवार से बिछड़ा था तो वह पांच साल का था।
‘डॉन’ की वेबसाइट के अनुसार, बच्चे के पिता अली ने कहा कि परिवार के लोगों ने इस्माइल को हर जगह खोजा और अगले दिन पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
अली ने कहा कि करीब दो माह पहले सऊदी अरब में रहने वाले इस्माइल के मामा ने जब एक भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा साझा की गई उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर देखी तो परिवार को पता चला कि वह राजस्थान में है।
सामाजिक कार्यकर्ता ने तस्वीर के साथ अपना फोन नम्बर भी साझा किया था और सोशल मीडिया के उपयोगकर्ताओं से उक्त पोस्ट को साझा करने का अनुरोध किया था, ताकि लड़का अपने परिवार से फिर मिल सके।
इस्माइल के मामा ने दिए गए फोन नम्बर पर फोन कर संपर्क किया तो उसे कहा गया कि बच्चा राजस्थान में पुलिस की हिरासत में है।
जफर ने कहा कि बच्चे के बारे में 45 दिनों पहले जानकारी मिली, लेकिन वह उसे वापस पाकिस्तान नहीं ला पाए हैं।
बेटे की पाकिस्तान में घर वापसी के लिए परिवार मदद हेतु भारत और पाकिस्तान सरकार की ओर देख रहा है।
इस्माइल के अभिभावकों ने अपने बच्चे को वापस पाने और परिवार से उसके पुनर्मिलन के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील की है।
dharmpath.com dharmpath