ईरानी संसद के अंतरिम अध्यक्ष चुने गए लारिजानी

तेहरान, 29 मई (आईएएनएस)। ईरान के सांसदों ने रविवार को अली लारिजानी को नई मजलिस (संसद) का अंतरिम अध्यक्ष चुना।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कुल 281 मतों में लारिजानी को 173 मत मिले जबकि सुधारवादी मुहम्मद रजा आरेफ को 103 मत मिले।

अंतरिम अध्यक्ष का मतलब यह है कि अध्यक्ष का यह चुनाव कुछ ही दिनों के लिए है। यह तब तक के लिए है जब तक सांसद अंतिम रूप से अध्यक्ष नहीं चुन लेते। ईरान में अंतिम रूप से चुने गए अध्यक्ष का कार्यकाल एक साल का होता है।

लारिजानी एक स्वतंत्र उम्मीदवार थे और वह इससे पहले की संसद के कई साल तक अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्हें रूढ़िवादी सांसदों का समर्थन हासिल है।

गत 26 फरवरी को ईरान में संसद का चुनाव हुआ था। चुनाव परिणामों से सुधारवादियों को लाभ मिलता दिखा था लेकिन वे बहुमत हासिल नहीं कर पाए थे।

प्रेस टीवी के अनुसार, सुधारवादियों को कुल 42 फीसदी मत मिले थे। रूढ़िवादियों को करीब 29 फीसदी और स्वतंत्र उम्मीदवारों को 22.41 फीसदी मत मिले थे।

शेष सीटें धार्मिक अल्पसंख्यकों और सुधारवादियों एवं रूढ़िवादियों द्वारा समर्थित उम्मीदवारों के हिस्से में गई थीं। ईरान में सांसदों का चुनाव चार साल के लिए होता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493