पेरिस, 30 मई (आईएएनएस)। फ्रांस के फुटबाल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) के खिलाड़ी सर्ज ऑरियर को मध्य पेरिस में एक पुलिसकर्मी के साथ झड़प के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
रेडियो स्टेशन ‘फ्रांस इंफो’ ने सोमवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, ऑरियर सोमवार तड़के पेरिस के एक नाइटक्लब से बाहर आ रहे थे, जब यह घटना हुई।
पुलिसकर्मी ने ऑरियर के खिलाफ हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है।
चैंप्स-एलेसिस के पास सड़क के बीचोबीच ऑरियर (23) ने अपनी महंगी कार खड़ी की हुई थी। उनके साथ उनके दोस्त भी कार के पास थे। पुलिस के गश्ती दल ने इन लोगों से कार हटाने के लिए कहा।
पुलिस के मुताबिक, इस पर फुटबाल खिलाड़ी ने कहा, “तुम लोग नहीं जानते कि मैं कौन हूं। तुम लोग पछताओगे।” इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारी को मुक्का मारा और उन्हें धक्का दिया।
ऑरियर के इस व्यवहार के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
फरवरी में ऑरियर ने एक वीडियो बनाया था जिसमें उन्होंने अपने कोच और साथी खिलाड़ियों का अपमान किया था। इसके बाद उन्हें क्लब द्वारा दंडित किया गया था।
dharmpath.com dharmpath