पेरिस, 1 जून (आईएएनएस)। मौजूदा विजेता सेरेना विलियम्स ने साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम, फ्रेंच ओपन के महिला एकल मुकाबले के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सेरेना ने बुधवार को एलिना स्वितोलिना को सीधे सेटों में 6-1, 6-1 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
दोनों खिलाड़ियों का मुकाबला सोमवार को होना था, लेकिन पेरिस के खराब मौसम के कारण तब यह मैच मुमकिन नहीं हो सका।
बुधवार को जब दोनों खिलाड़ी आमने सामने आईं, तो सेरेना समय बर्बाद करने के मूड में नहीं दिखीं। उन्होंने पहले चार गेम बिना कोई दिक्कत के बहुत ही कम समय में अपने नाम किए।
एलिना को स्कोरबोर्ड में अंक मिला लेकिन वह लंबे समय तक इसे बनाए नहीं रख पाईं। वह पहला सेट आधे घंटे के अंदर ही हार गईं।
दूसरे सेट में भी सेरेना को आसानी से जीत मिली। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला कार्ला सुआरेज और युलिया पुतिंत्सेवा के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।
dharmpath.com dharmpath