डारविन (आस्ट्रेलिया), 1 जून (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम का चार राष्ट्रों के टूर्नामेंट में बुधवार को जापान के खिलाफ मैच 1-1 से ड्ऱॉ रहा। इससे पहले भारत को इसी टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था।
भारत की तरफ से इकलौता गोल पूनम रानी ने सातवें मिनट में किया। जापान के लिए एकमात्र गोल 19वें मिनट में हाजुकी नागई ने किया।
जापान ने मैच की शुरुआत से ही भारत के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत रखी। उसने कई बार गोल करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने उन्हें कामयाब नहीं होने दिया।
भारत ने सातवें मिनट में गोल कर बढ़त ले ली थी। भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला था जिसे पूनम ने बिना कोई गलती किए गोल में बदल दिया।
इसके बाद भारतीय टीम ने कई बार गोल करने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
दूसरे क्वार्टर में भारत के पास एक गोल की बढ़त थी और इसने बढ़त का फायदा उठाते हुए शानदार शुरुआत की, लेकिन 19वें मिनट में जापान को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे गोल में बदलने में हाजुकी ने कोई गलती नहीं की और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
भारत और जापान बराबरी के बाद बढ़त लेने की कोशिश करते रहे लेकिन किसी के हिस्से में भी सफलता नहीं आई और मैच 1-1 से ड्ऱॉ रहा।
dharmpath.com dharmpath