मॉस्को, 1 जून (आईएएनएस)। फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा की नवनियुक्त महासचिव फातमा समौरा जुलाई में रूस का आधिकारिक दौरा कर सकतीं हैं।
फीफा के अध्यक्ष गियानी इन्फेंटिनो ने बुधवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, सेनेगल की फातमा 13 मई को फीफा महासचिव के रूप में नियुक्त हुईं। वह इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला हैं।
वर्तमान में रूस का आधिकारिक दौरा कर रहे इन्फेंटिनो ने कहा, “वह (फातमा) फीफा के प्रशासन की प्रभारी हैं और निश्चित तौर पर उनकी 2018 विश्व कप आयोजन में एक महत्वपूर्ण भूमिका है। वह 20 जून से अपना कार्यभार संभालेंगी।”
इन्फेंटिनो ने कहा कि वह अपने पहले आधिकारिक दौरे पर रूस जा सकती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि फातमा जुलाई में यह दौरा कर सकती हैं।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा दिए गए आमंत्रण पर बुधवार को फीफा अध्यक्ष देश के दौरे पर गए।
रूस वर्तमान में 2018 विश्व कप के आयोजन की तैयारी कर रहा है। देश ने चार दिसम्बर, 2010 में फीफा कांग्रेस की बैठक में इसके आयोजन की दावेदारी में जीत हासिल की थी।
इसके साथ रूस 2017 कंफेडरेशन कप का आयोजन भी करेगा।
dharmpath.com dharmpath