रियो डी जेनेरियो, 2 जून (आईएएनएस)। ब्राजील सरकार को लगता है कि अगस्त में रियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों पर कोई आतंकवादी खतरा नहीं है। सेना के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि हाल के दिनों में पेरिस और ब्रसेल्स पर हुए आतंकवादी हमलों के बाद ब्राजील के सैन्य बल और संघीय गुप्तचर एजेंसी-एबिन अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी समूहों पर नजर रखे हुए हैं।
अप्रैल में एबिन ने कहा था कि उसने इस्लामिक स्टेट (आईए) के एक आतंकवादी की पहचान की है, जिसने सोशल साइट पर ओलम्पि खेलों से जुड़ा एक संदेश पोस्ट किया था।
रक्षामंत्री राउल जुंगमैन ने कहा है कि ब्राजील की गुप्तचर एजेंसियां अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इजरायल और रूस की एजेंसियों के साथ मिलकर रियो ओलम्पिक को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए काम कर रही हैं।
कई देशों और क्षेत्रों की गुप्तचर एजेंसियों के साथ समझौता करने के अलावा ब्राजील ने रियो ओलम्पिक की सुरक्षा के लिए हजारों की संख्या में सैनिकों की बहाली तय की है, जो यहां पहुंचने वाले छह लाख से अधिक विदेशी सैलानियों के अलावा खिलाड़ियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों की रक्षा कर सकें।
ब्राजील सरकार ने कुल 85 हजार सुरक्षाकर्मियों की बहाली तय की है। इनमें सेना, पुलिस और सुरक्षा एजेंट शामिल हैं।
रियो में ओलम्पिक खेलों का आयोजन 5 से 21 अगस्त तक होना है। दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप में पहली बार ओलम्पिक का आयोजन हो रहा है।
dharmpath.com dharmpath