रोम, 3 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के फर्राटा धावक जस्टिन गाटलिन ने अपने हमवतन अमीर वेब को हराकर रोम डायमंड लीग में 100 मीटर रेस जीत ली है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, गाटलिन (34) ने गुरुवार को 9.93 सेकेंड में रेस पूरी की जबकि अमीर एक सेकेंड के सौवें हिस्से से उनसे पीछे रह गए। इसके साथ ही फ्रांस के जिम्मी विकौत ने 9.99 सेकिंड में इस रेस को पूरा किया।
महिलाओं की दौड़ में जमैका की एलेने थॉम्पसन ने इस सीजन का अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10.87 सेकेंड में यह रेस जीती जबकि अमेरिका की इंग्लिश गार्डनर 10.92 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रही।
इथियोपिया की अल्माज अयाना ने 5000 मीटर की दौड़ 14 मिनट 12.59 सेकेंड में पूरी की, लेकिन वह नया विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूक गईं।
अयाना की हमवतन तिरुनेश दिबाबा (14:11.15) ने इस दौड़ में विश्व रिकॉर्ड बनाया हुआ है, जो पिछले आठ साल से कायम है।
दो बार की ओलम्पिक विजेता न्यूजीलैंड की वालेरी एडम्स और कोलंबिया की कैटरीन इबार्गुएन ने महिलाओं की गोला फेंक और तिहरी कूद स्पर्धा में जीत हासिल की।
dharmpath.com dharmpath