हेरात (अफगानिस्तान), 4 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यहां कहा कि अफगानिस्तान की सफलता सभी भारतीयों की आशा और इच्छा है।
मोदी और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने शनिवार को संयुक्त रूप से अफगान-भारत मैत्री बांध का उद्घाटन किया, जिसे पूर्व में सलमा बांध के नाम से जाना जाता था।
बांध के उद्घाटन के बाद मोदी ने कहा, “अफगानिस्तान की सफलता हर भारतीय की इच्छा और आशा है। यह देश के लिए हमारे दिल में बसे प्यार और प्रशंसा के कारण है।”
मोदी ने कहा, “हम चाहतें हैं कि आपके लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हों, लोगों में एकता हो और आपकी अर्थव्यवस्था आगे बढ़े।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका दौरा केवल अफगानिस्तान के हेरात में बांध का उद्घाटन करने के लिए नहीं था।
उन्होंने कहा, “हम एक क्षेत्र को पुनर्जीवित करने, जीवन का नवीकरण करने, आशा बहाल करने और अफगानिस्तान के भविष्य को पुनर्परिभाषित करने का काम कर रहे हैं।”
मोदी ने कहा कि इस बांध से न केवल बिजली उत्पन्न होगी, बल्कि अफगानिस्तान के भविष्य में आशावाद और विश्वास भी बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बांध से न केवल पश्चिमी अफगानिस्तान के हेरात प्रांत के चिस्ती, ओबे, पश्तून जार्गहुन, कारोख, गोजारा, इंजिल, जिंदजान, कोशान और घोर्यान क्षेत्रों के 640 गावों के खेतों में सिंचाई होगी, बल्कि 250,000 घरों में बिजली भी मिलेगी।
मोदी ने कहा, “इस बांध का निर्माण केवल ईंटों और गारों से नहीं हुआ है, बल्कि अफगानिस्तान और भारत के नागरिकों की बहादुरी और हमारी दोस्ती के विश्वास से हुआ है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि गर्व के इस पल में हम उन लोगों के प्रति आभार प्रकट करना चाहते हैं, जिन्होंने अफगानिस्तान के लोगों के उज्जवल भविष्य के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया।
मोदी ने कहा कि भारत ने स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण और ग्रामीण समुदायों के लिए सिंचाई की सुविधा के लिए अफगानिस्तान के साथ साझेदारी की है।
उन्होंने कहा कि इस साझेदारी से महिलाओं को कौशल और युवाओं को शिक्षा के साथ सशक्त किया जाएगा।
मोदी ने कहा, “हमने सड़कों के निर्माण के लिए भी हाथ मिलाया है, ताकि जरंज से देलाराम तक आपके देश के बीच की दूरी पाटी जा सके और आपके घरों तक बिजली पहुंचे।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान के प्रांत चाबहार में भारत के निवेश से अफगानिस्तान के लिए एक नया मार्ग प्रशस्त होगा।
पिछले माह भारत, ईरान और अफगानिस्तान ने तेहरान में एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत व्यापार और पारगमन के लिए ओमान में चाबहार बंदरगाह का विकास किया जाएगा।
मोदी ने कहा, “हमारी मित्रता का फल काबुल, कंधार, मजार और हेरात तक सीमित नहीं है और न ही होगा। हमारी साझेदारी अफगानिस्तान के हर हिस्से तक पहुंचेगी और देश के समाज के हर हिस्से को लाभ पहुंचाएगी।”
मूलरूप से 1976 में हरी नदी पर निर्मित इस बांध को अफगानिस्तान में हुए गृह युद्ध के दौरान काफी क्षति पहुंची थी। इस का पुनर्निर्माण भारत और अफगानिस्तान के इंजीनियरों द्वारा 1,700 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
यह बांध अफगानिस्तान के विकास कार्य के लिए भारत के समर्थन का प्रतीक है।
पिछले वर्ष दिसंबर में मोदी और गनी ने भारत की सहायता से काबुल में निर्मित अफगानिस्तान संसद के नए भवन का उद्घाटन किया था।
मोदी शनिवार को अपनी पांच देशों की यात्रा के पहले पड़ाव के तहत अफगानिस्तान पहुंचे।
इसके बाद मोदी कतर, स्विट्जरलैंड, अमेरिका और मेक्सिको का दौरा भी करेंगे।
dharmpath.com dharmpath