सिंगापुर, 5 जून (आईएएनएस)। सिंगापुर सरकार ने रविवार को कहा कि आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने एशियाई देशों से अलकायदा के मुकाबले अधिक आतंकवादियों की भर्तियां की।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, सिंगापुर के रक्षा मंत्री नंग इंग हेन ने 15वें शांगरी-ला संवाद में कहा, “पिछले केवल तीन वर्षो में आईएस ने एशियाई देशों से अलकायदा द्वारा पिछले दशकभर में की गई भर्तियों के मुकाबले अधिक समर्थकों और आतंकवादियों की भर्तियां की हैं। उसने इराक और सीरिया में 1,000 से अधिक आतंकवादियों की भर्तियां की।”
मंत्री ने कहा कि दक्षिण-पूर्व एशिया लौटने वाले आतंकवादियों का ‘जिहाद’ पर मध्य-पूर्व में सक्रिय आईएस के साथ वैचारिक संपर्क बना रहा।
हेन ने यह भी कहा कि इस्लामिक आतंकवाद के खिलाफ जंग का मतलब इस्लाम के खिलाफ लड़ाई से कतई नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज आतंकवादी संगठनों ने अधिक परिष्कृत रणनीतियां तैयार कर ली हैं और उनके पास अधिकतम नुकसान पहुंचाने वाले हमलों को अंजाम देने की क्षमता भी बढ़ गई है। ऐसे में यदि देश साथ मिलकर इनका मुकाबला नहीं करते हैं तो क्षेत्र में अस्थिर हालात पैदा हो सकते हैं।
उन्होंने कहा, “विभिन्न देशों की सेना सहित सुरक्षा बलों को आतंकवाद के खिलाफ सख्ती से और साथ मिलकर लड़ाई लड़नी होगी। हमें संयुक्त कार्रवाई के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए और खुफिया व निगरानी तंत्र को मजबूत करना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath