विजेंदर को अपने अनुभव से दूंगा मात : होप

नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। एक साल पहले पेशेवर मुक्केबाजी में कदम रखने वाले भारत के पेशेवर मुक्केबाज विजेंदर सिंह, विश्व मुक्केबाजी संगठन (डब्ल्यूबीओ) के एशिया सुपर मिडिलवेट चैम्पियनशिप के मुकाबले में 16 जुलाई को आस्ट्रेलिया के कैरी होप के खिलाफ रिंग में उतरेंगे। इस बात की घोषणा सोमवार को एक कार्यक्रम में की गई।

विजेंदर का यह छठवां पेशेवर मुकाबला होगा। इससे पहले वह अपने पांचों मुकाबले जीत हासिल कर यहां तक पहुंचे हैं। विजेंदर के सामने उनकी अब तक की सबसे बड़ी चुनौती होगी क्योंकि उनके विपक्षी होप के पास 12 वर्षो का अनुभव है।

होप के लिए विजेंदर के खिलाफ खेलना आसान नहीं होगा क्योंकि भारतीय खिलाड़ी इस समय शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन होप का मानना है कि वह विजेंदर को आसानी से हरा देंगे क्योंकि उनके पास भारतीय खिलाड़ी से ज्यादा अनुभव है।

होप ने सोमवार को हुए कार्यक्रम से इतर कहा, “मेरे लिए यह मुकाबला बड़ा है। मैं पहली बार सुपर मिडिलवेट चैम्पियनशिप में खेल रहा हूं, लेकिन मेरे पास अपने पिछले मुकाबलों का अनुभव है। मैं इस मुकाबले में खिताब जीतना चाहता हूं।”

होप अनुभव के मामलें में विजेंदर पर हावी हैं। उनके पास 12 साल की पेशेवर मुक्केबाजी का अनुभव है। उन्होंने अभी तक खेले 30 मुकाबलों में से 23 में जीत हासिल की है और 183 राउंड खेले हैं, लेकिन होप अपने घर से बाहर विजेंदर के घर, भारत में खेल रहे हैं। उनसे जब पूछा गया कि क्या घर से बाहर खेलना उनके लिए मुश्किल साबित हो सकता है तो उन्होंने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं होगा।

होप ने कहा, “मैंने अलग-अलग देशों में मुकाबले खेले हैं। मैं भारत में पहला मुकाबला खेलूंगा। मैं अच्छी शुरुआत करना चाहता हूं। रिंग में सिर्फ मैं और वह (विजेंदर) होंगे, और कोई नहीं।”

होप से जब पूछा गया कि विजेंदर के खिलाफ उनका मजबूत पहलू क्या है तो उन्होंने कहा, “बेशक मेरा अनुभव। मुझे इसका फायदा मिलेगा। यह हमारे मुकाबले में अहम भूमिका निभाएगा।”

वेल्स में पैदा हुए होप पूर्व मिडिलवेट यूरोपियन चैम्पियन हैं। उनसे जब विजेंदर के खिलाफ रणनीति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “हां, मैं इस पर काम कर रहा हूं, लेकिन जैसा मैंने पहले कहा, मेरे पास अनुभव है। मैं रातों रात अपने आप में बदलाव कर सकता हूं। मैं जब देखूंगा की वह क्या कर रहे हैं तो हो सकता है मैं अपनी रणनीति बदल लूं।”

होप बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं। मुकाबले में उनका बायां हाथ ज्यादा सक्रिय रहता है। विजेंदर का सामना बाएं हाथ के खिलाड़ियों से बहुत कम हुआ है। क्या इसका फायदा विजेंदर के खिलाफ उन्हें मिल सकता है, इस सवाल पर होप ने कहा, “हो सकता है, लेकिन इसके अलावा भी काफी चीजें होती हैं। मेरा ध्यान इस पर नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493