टोक्यो, 6 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी नौसेना ने जापान में तैनात अपने नौसैनिकों के शराब पीने पर रोक लगा दी है। ओकिनावा में कथित रूप से शराब पीकर या किसी अन्य नशीली चीज के सेवन के बाद गाड़ी चलाने के आरोप में एक अमेरिकी महिला नौसैनिक की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका ने यह कदम उठाया है।
जापान टाइम्स की खबर के अनुसार, यह अनिश्चितकालीन प्रतिबंध जापान स्थित सभी नौसैनिकों के अलावा वहां से गुजरने वाले नौसैनिकों पर भी लागू होगा।
नेवल फोर्सेज जापान के प्रवक्ता रोनाल्ड फ्लैंडर्स ने कहा, “हम लोगों ने समस्या को माना है। हम इसकी जिम्मेदारी लेते हैं और हम वह हर काम कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित कर सकें कि हमारा हर नौसैनिक यह समझ सके कि हमारे गठबंधन और हमारी दोस्ती के लिए जापान के लोगों से हमारा व्यवहार कितना महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें शहर में रहने की सुविधा नहीं मुहैया कराई जाती तब तक उन्हें अपने अड्डे पर ही बने रहना होगा। जो यहां से बाहर रहेंगे उन्हें कार्य स्थल पर आने-जाने, स्कूल, गैस स्टेशन, किराने की दुकानों और व्यायामशाला जाने की इजाजत रहेगी। सैन्य कानून के आदेश से अन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध है।
प्रतिबंध हाल के वर्षो में अमेरिकी नौसैनिकों की ड्यूटी से इतर व्यवहार पर सर्वाधिक प्रभाव डालने वाला है।
शनिवार को अमेरिकी अफसर एमी मेजिया को गिरफ्तार किया गया था। वह सड़क की गलत दिशा में कार चला रही थीं। उसने दो कारों में टक्कर मार दी थी, जिससे दो लोग घायल हो गए थे।
एमी को जापानी पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के संदेह में गिरफ्तार किया है।
मार्च में एक अमेरिकी नौसैनिक को ओकिनावा के एक होटल में जापानी पर्यटक से दुष्कर्म के संदेह में गिरफ्तार किया गया था। उस नौसैनिक को दोषी करार दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath