कीव, 7 जून (आईएएनएस)। यूक्रेन में पुलिस ने यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप में आतंकवादी हमले की साजिश रचने के आरोप में फ्रांस के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है।
फ्रांस में यूरो 2016 का आयोजन 10 जून से 10 जुलाई तक होगा।
यूक्रेन सुरक्षा सेवा (एसबीयू) ने सोमवार को कहा, “फ्रांस के नागरिक ने बड़े पैमाने पर विदेशियों के आव्रजन और इस्लाम के प्रसार के संबंध में अपनी सरकार की कार्रवाइयों के खिलाफ कई नकारात्मक बयान दिए।”
एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध फ्रांसीसी व्यक्ति ने इसके प्रति विरोध जताने के लिए कई आतंकवादी हमलों की योजना बनाने की बात कबूली।
अधिकारी के अनुसार, यह संदिग्ध फ्रांसीसी फ्रांस में टूर्नामेंट के दौरान मस्जिदों, यहूदी धर्मस्थलों, पुलों, हाईवे सहित कई स्थलों पर 15 आतंकवादी हमले करने की योजना बना रहा था।
फ्रांसीसी व्यक्ति को यूक्रेन-पोलैंड की सीमा पर 21 मई को देश की सुरक्षा सेवा के कर्मियों द्वारा गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने इस संदिग्ध व्यक्ति की उम्र और नाम के संबंध में कोई जानकारी साझा नहीं की।
एसबीयू के प्रमुख ने कहा कि यह संदिग्ध व्यक्ति कथित तौर पर हथियारों की तलाश में यूक्रेन आया था।
संदिग्ध फ्रांसीसी व्यक्ति की कार से ग्रेनेड, 125 किलोग्राम विस्फोटक और पांच कलाशनिकोव राइफलें और गोला बारूद बरामद हुए।
dharmpath.com dharmpath