‘उड़ता पंजाब’ विवाद से सीबीएफसी की छवि धूमिल होगी : आमिर

मुंबई, 9 जून (आईएएनएस)। सामाजिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखने वाले ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान ने बुधवार को कहा कि ‘उड़ता पंजाब’ फिल्म नशे की लत के बारे में एक ‘अच्छा सामाजिक संदेश’ देने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि फिल्म में कट लगाने की मांग करने से सेंसर बोर्ड की छवि धूमिल होगी।

आमिर ने ‘उड़ता पंजाब’ के बचाव में यहां बुधवार को एक कार्यक्रम में मीडिया से कहा, “यह एक सामाजिक फिल्म है, जो पंजाब के युवाओं में व्याप्त नशे के बारे में है। इसमें एक बढ़िया सामाजिक संदेश है। मुझे नहीं लगता कि फिल्म में कुछ ऐसा है, जिसमें कुछ काट-छांट करनी चाहिए या दर्शकों को नहीं देखने देना चाहिए।”

आमिर ने फिल्म में 89 कट लगाने के सेंसर बोर्ड के अजीबोगरीब सुझाव के बारे मेंकहा कि इससे सीबीएफसी की छवि खराब होगी। उन्होंने कहा, “यह बहुत जरूरी है कि फिल्म निर्माताओं की अपनी एक आवाज हो, जिसे दबाया न जाए। किसी भी समाज में कलाकार की आवाज पर बंदिश नहीं होनी चाहिए। वह जो बोलना चाहता है, उसे बोलने देना चाहिए।”

उन्होंने ‘उड़ता पंजाब’ की टीम को उसकी आगे की लड़ाई के लिए शुभकामनाएं दीं।

अभिषेक चौबे निर्देशित इस फिल्म में शाहिद कपूर, करीना कपूर खान, आलिया भट्ट और दिलजीत दोसांझ हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493