बैंकाक, 9 जून (आईएएनएस)। टाइगर टेंपल के नाम से मशहूर विवादास्पद वाट पा लुआंग्टा महा बुआ बौद्ध मठ ने गुरुवार को जानवरों के साथ दुर्व्यवहार या उनका व्यापार करने के आरोपों से इनकार किया। थाइलैंड के वन्य जीव प्रशासन ने इस मंदिर से दर्जनों बाघ बरामद किए थे।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, एक संवाददाता सम्मेलन में बौद्ध भिक्षुओं के प्रतिनिधि सिरी वांगबुन्लर्ट ने कहा, “यह डकैती है। उन्हें बाघों को जब्त करने का कोई अधिकार नहीं है। ”
कंचनबरी प्रांत स्थित टाइगर टेंपल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। पर्यटक 137 बाघों के साथ फोटो खिंचवाने के लिए प्रवेश शुल्क देते थे। लेकिन, इस परंपरा के लिए मंदिर की बहुत आलोचना भी होती थी।
उम्मीद की जा रही थी कि इस संवाददाता सम्मेलन में मंदिर के महंत लुआंग ता चान भी अपनी बात रखेंगे, लेकिन वह एक सुनहरे रथ पर पहुंचे और संवाददाताओं की तरफ हाथ लहराकर चले गए।
मंदिर के अधिकारियों ने कहा कि पशु विहार के संचालन में महंत शामिल नहीं हैं। वह बोल नहीं सकते क्योंकि हाल में ही उनके दिल का ऑपरेशन हुआ है।
पिछले माह के अंत में बाघों को हटाने के लिए राष्ट्रीय उद्यान, वन्यजीव एवं पौधा संरक्षण विभाग ने जब छापेमारी की थी तो अधिकारियों ने मंदिर के फ्रीजर से अन्य जानवरों के शरीर के अंगों सहित बाघों के शावकों के 40 शव भी बरामद किए थे।
तीन बौद्ध भिक्षुओं सहित पांच लोगों पर विलुप्त होती प्रजाति के जानवरों को बिना इजाजत रखने का आरोप लगाया गया था। यदि उन्हें दोषी करार दिया गया तो उन्हें अधिकतम चार साल की कैद और/ या 1100 डॉलर जुर्माना हो सकता है।
इससे पहले इस मंदिर ने फेसबुक पर अपना बचाव किया था। उसने कहा कि शावकों की मौत की दर अधिक है और ये शव वैज्ञानिक उद्देश्य से संरक्षित रखे गए थे।
लेकिन, अधिकारियों का कहना है कि यह शोध के लिए रखा गया हो या उन्हें बेचने के बेईमान इरादे से रखा गया हो, किसी भी रूप में बगैर पंजीकृत शावकों को रखना गैरकानूनी है।
जब्त किए गए 137 बाघों को यहां से 90 किलोमीटर दूर रातछाबरी प्रांत स्थित एक सरकारी अभयारण्य में रखा गया है।
dharmpath.com dharmpath