बैडमिंटन रैंकिंग : मलेशिया के चोंग वेई फिर पहुंचे शीर्ष पर

कुआलालंपुर , 9 जून (आईएएनएस)। मलेशिया के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी ली चोंग वेई एक बार फिर वैश्विक पुरुष एकल रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं।

विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) द्वारा गुरुवार को जारी रैंकिंग में चोंग वेई ने चीन के स्टार खिलाड़ी चेन लोंग को पछाड़ते हुए यह स्थान हासिल किया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, चोंग वेई ने पिछले सप्ताह इंडोनेशिया ओपन में जीत हासिल की थी और इसके बाद 94,453 अंकों के साथ उन्होंने दो बार के विश्व चैम्पियन चेन से आगे निकले हैं।

इसमें कोई शक नहीं है कि आगामी रियो ओलम्पिक खेलों में इंडोनेशिया के लिए स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य रखने वाले चोंग वेई के लिए यह स्थान काफी मददगार साबित होगा।

ओलम्पिक में दो बार रजत पदक हासिल कर चुके चोंग वेई सितम्बर 2014 से अप्रैल 30, 2015 तक लगे डोपिंग प्रतिबंध के कारण विश्व के नम्बर1 स्थान से हट गए थे।

आठ माह के प्रतिबंध के बाद सुदीरमन कप (10-17 मई, 2015) में चोंग वेई ने विश्व के 46वें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के रूप में कदम रखा था।

अप्रैल में मलेशिया ओपन जीतने के बाद से ही तीन बार के विश्व चैम्पियनशिप उपविजेता चोंग वेई अच्छे फार्म में चल रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इस सप्ताह आस्ट्रेलिया ओपन से अपना नाम वापस ले लिया था।

बीडब्ल्यूएफ द्वारा जारी पुरुष एकल रैंकिंग में भारत के किदांबी श्रीकांत को 13वां स्थान मिला है, जबकि अजय जयराम 21वें स्थान पर बरकरार हैं।

भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप 26 स्थान से फिसलकर 67वें स्थान पर आ गए। वह घुटने की चोट के कारण खेल से दूर हैं।

बीडब्ल्यूएफ द्वारा गुरुवार को ही जारी की गई महिला एकल रैंकिंग में भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल आठवें और पी.वी. सिधु 10वें स्थान पर बरकरार हैं।

कैरोलिन मारिन इस रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज हैं जबकि चीन की वांग यिहान दूसरे और ली जुईरेई तीसरे स्थान पर हैं।

चीन के झांग नान और झाओ युनलेई बीडब्ल्यूएफ द्वारा जारी मिश्रित युगल में शीर्ष पर हैं। वहीं, दक्षिण कोरिया के ली योंग देई और यू येओन सियोंग पुरुष युगल वर्ग में पहले और जापान की मिसाकी मात्सुतोमो तथा अयाका ताकाहाशी महिला युगल वर्ग में प्रथम स्थान पर हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493