लंदन, 9 जून (आईएएनएस)। डेनमार्क की महिला टेनिस खिलाड़ी कैरोलिन वोजनियास्की ने गुरुवार को कहा कि रूस की महिला टेनिस स्टार मारिया शारापोवा पर डोपिंग के चलते दो साल का प्रतिबंध लगना खेल के लिए बुरी खबर है।
अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) ने बुधवार को शारापोवा को प्रतिबंधित पदार्थ-मेलडोनियम के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया था।
शारापोवा का डोपिंग टेस्ट इसी साल आस्ट्रेलियन ओपन के दौरान जनवरी में हुआ था, जिसमें वह असफल साबित हुई थीं।
आईटीएफ ने यह भी साफ किया है कि डोपिंग रोधी नियम के अनुच्छेद 8.1 के मुताबिक शारापोवा पर लगाया गया प्रतिबंध 26 जनवरी, 2016 से लागू होगा।
बीबीसी ने वोजनियास्की के हवाले से लिखा, “टेनिस में किसी भी खिलाड़ी के बारे में यह सुनने से बुरे लगता है कि उस पर प्रतिबंध लगा है या वह डोप परिक्षण में असफल हो गए हैं, चाहे वह शारापोवा हों या कोई और।”
उन्होंने कहा, “टेनिस के पास डोपिंग से निपटने के लिए काफी मजबूत नीति है, जिसने खेल काफी साफ बना हुआ है।”
dharmpath.com dharmpath