कुआलालम्पुर, 9 जून (आईएएनएस)। आई-लीग की विजेता टीम बेंगलुरु एफसी 2016 एशियन फुटबाल परिसंघ (एएफसी) कप के क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर के फुटबाल क्लब टेम्पाइंस रोवर्स से भिड़ेगी। गुरुवार को निकाले गए कप के ड्रॉ से यह मुकाबला तय हुआ।
मुकाबले का पहला चरण 14 सितंबर को कान्तीरावा स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले के दूसरे चरण के लिए बेंगलुरु की टीम सिंगापुर के लिए रवाना होगी जहां 21 सितंबर को मुकाबले का दूसरा चरण खेला जाएगा।
क्लब के कप्तान सुनील छेत्री ने एक बयान में कहा, “हमने एएफसी कप में यहां तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की है। हमारी कोशिश क्वार्टर फाइनल में टेम्पाइंस के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने की होगी। अंतिम आठ में हर टीम अच्छा प्रदर्शन करके ही पहुंची है। हम अपने प्रशंसकों के सामने अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।”
दक्षिण चीन का क्लब एए पूर्व क्षेत्र के क्वार्टर फाइनल में जोहर दारुल से भिड़ेगा। एक और क्वार्टर फाइनल में एयर फोर्स क्लब का सामना अल जैश से होगा। पश्चिम क्षेत्र के क्वार्टर फाइनल में अल अहेद क्लब का सामना अल मुहारक क्लब से होगा।
dharmpath.com dharmpath