यूरो में शीर्ष टीमों को अच्छी प्रतिस्पर्धा देगा फ्रांस : जिदान

मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। फ्रांस फुटबाल जगत के दिग्गज और रियल मेड्रिड फुटबाल क्लब के कोच जिनेदिन जिदान ने शुक्रवार को कहा कि देश की वर्तमान टीम इस वर्ष यूरो फुटबाल चैम्पियनशिप में शीर्ष की टीमों को अच्छी प्रतिस्पर्धा देगी।

यहां एक कार्यक्रम में शामिल जिदान ने कहा, “फ्रांस की वर्तमान टीम काफी अच्छी है और उम्मीद है कि वह अन्य टीमों को अच्छी प्रतिस्पर्धा देगी। आशा करता हूं कि वह कप जीत जाएं और अगर ऐसा न हो पाए, तो उन्हें कड़ी प्रतिद्वंद्विता देनी होगी।”

फ्रांस में 10 जून से शुरू हुए यूरो 2016 में 24 टीमें खेल रही हैं और यह टूर्नामेंट 10 जुलाई को समाप्त होगा। मौजूदा विजेता स्पेन और दो बार विश्व कप जीत चुकी जर्मनी की टीम को इस खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

जिदान 43 साल की उम्र में भी काफी फिट दिखते हैं और जब उनसे इसके पीछे के राज के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “आपको अपने दिमाग और शरीर को केंद्रित रखना चाहिए, क्योंकि एक फुटबाल खिलाड़ी होने के नाते आपका ऐसा करना जरूरी है। आपके शरीर को फिट रखने के लिए यह महत्वपूर्ण है। अगर मैं फुटबाल नहीं खेलता, तो भी इन्हीं नियमों का पालन करता हूं।”

जिदान ने वर्तमान खिलाड़ियों से गुस्से पर काबू पाने का आग्रह किया।

सर्वश्रेष्ठ कोचों में से एक माने जाने वाले जिदान ने कहा कि चैम्पियंस लीग ट्रॉफी को जीतने से उन्हें काफी संतोष मिला है।

फ्रांस में पिछले साल नवम्बर में हुए आतंकवादी हमलों के बारे में पूछे जाने पर जिदान ने कहा, “यूरो 2016 एक बेहतरीन प्रतियोगिता है और यह देशों के लिए एकजुट होने का पल है।”

फीफा भ्रष्टाचार मामलों पर किसी भी प्रकार का बयान देने से इनकार करते हुए जिदान ने कहा, “मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता। हम जो भी दिन भर में सुनते हैं, उससे मैं प्रभावित नहीं होना चाहता।”

पिछले कुछ वर्षो में अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल में नस्लवाद भी एक प्रमुख समस्या रही है और इस पर जिदान ने कहा कि उन्होंने निजी तौर पर ऐसा कुछ महसूस नहीं किया। हालांकि, उनका मानना है कि यह अब भी मौजूद है।

जिदान ने बेल्जियम को यूरो 2016 का दावेदार बताते हुए बेहतरीन टीमों में से एक बताया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493