इस्लामाबाद, 13 जून (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के सुरक्षाबलों द्वारा गोलीबारी और बमबारी की खबर के बाद सोमवार को पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर एक जगह कर्फ्यू लगा दिया। इस गोलीबारी में तीन पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं।
सुरक्षा सूत्रों ने टेलीविजन चैनल जियो न्यूज से कहा कि तनावपूर्ण हालात के कारण सभी तरह के परिवहन पर पाबंदी लगा दी गई है। इलाके के निवासियों ने सुरक्षित जगहों पर जाना शुरू कर दिया है।
झड़प तब शुरू हुई, जब पाकिस्तान ने सीमा के आर-पार लोगों के अवैध आवागमन को बंद करने के लिए तोरखाम तथा लांदीकोताल में गेट का निर्माण शुरू किया।
अफगानी सुरक्षाबलों ने कथित तौर पर बिना उकसावे के गोलीबारी की, जिसमें फ्रंटियर कोर का एक अधिकारी तथा खासदार सुरक्षा बल के दो कर्मी घायल हो गए।
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा जवाबी गोलीबारी में अफगानिस्तान की एक जांच चौकी में आग लग गई।
अफगानी सुरक्षाबलों द्वारा दागे गए मोर्टार बमों से दो बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए।
घायलों को लांदीकोताल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पाकिस्तान सेना के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के मुताबिक, हाल के दिनों में कई आतंकवादियों को तोरखाम सीमा पार करते हुए पाया गया है।
आईएसपीआर के एक बयान के मुताबिक, “रविवार रात 9.20 बजे के आसपास अफगानी सुरक्षाबलों ने तोरखाम गेट पर बिना किसी उकसावे के पाकिस्तान पर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में पाकिस्तान का एक सैनिक घायल हो गया।”
झड़प के बाद इलाके में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया।
तोरखाम सीमा को खाली करा लिया गया है तथा पाकिस्तान-अफगानिस्तान पारगमन व्यापार को रोक दिया गया है। वाहनों को वापस खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर वापस भेज दिया गया है।
पाकिस्तान प्राय: अफगानिस्तान पर यह आरोप लगाता रहा है कि वह आतंकवादियों को पाकिस्तान भेजता है, जो वहां हमलों को अंजाम देते हैं। पाकिस्तान ने आतंकवादियों की घुसपैठ रोकने के लिए अफगान सीमा पर निगरानी बढ़ाने का आह्वान किया है।
dharmpath.com dharmpath