पेरिस, 14 जून (आईएएनएस)। पेरिस के एक उपनगर में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के समर्थक ने एक पुलिस अधिकारी एवं उसकी प्रेमिका की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस युगल की हत्या उनके घर में की गई। आईएस से संबंधित एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि उन पर ‘इस्लामिक स्टेट के एक लड़ाके’ ने सोमवार रात मैगनाविले में हमला किया।
इस हमले में युगल का तीन साल का बेटा बाल-बाल बचा, जिसे चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है।
फ्रांस के दैनिक समाचारपत्र ‘ला फिगारो’ के अनुसार, पुलिस अधिकारी (42) पर उनके घर के बाहर हमला किया गया। वह उस वक्त सादे कपड़ों में थे।
समाचारपत्र ने आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता पियरे-हेनरी ब्रांडेट के हवाले से कहा कि हत्यारा लरोस्सी अब्बाला अधिकारी की हत्या करने के बाद उनके घर में छिप गया। उसने अधिकारी की प्रेमिका पर घर में हमला किया।
पुलिस वारदात के करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारी के घर में घुसे हत्यारे को मध्य रात्रि के आसपास सुरक्षाबलों ने मार गिराया।
फ्रांस के रेडियो ‘आरएमसी-इंफो’ ने एक पुलिस सूत्र के हवाले से कहा कि अब्बाला को 2011 में गिरफ्तार किया गया था और आतंकवादियों को पाकिस्तान भेजने में मदद करने के मामले में 2013 में तीन साल के कारावास की सजा सुनाई गई थी।
फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने मंगलवार को इन हत्याओं को ‘नि:संदेह आतंकवादी हरकत’ बताया।
वहीं, आंतरिक मंत्री बर्नार्ड कजेनेउवे ने भी मंगलवार सुबह कहा कि हत्याएं ‘एक घृणित आतंकवादी हरकत’ हैं।
हत्या की यह घटना अमेरिकी शहर ऑरलैंडो के एक समलैंगिक नाइटक्लब में रविवार रात एक बंदूकधारी द्वारा 49 लोगों को मौत के घाट उतारने के बाद सामने आई है।
dharmpath.com dharmpath