पोर्ट लुईस (मॉरीशस), 14 जून (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना का एक जहाज मंगलवार को खुले समुद्र में अपनी पहली यात्रा पूरी करते हुए पोर्ट लुईस पहुंच गया है। इस जहाज के चालक दल के सभी सदस्य महिलाएं हैं।
नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि आईएनएसवी महादेई की कमान लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी संभाल रही हैं। यह जहाज गोवा से 2,100 नॉटिकल मील की दूरी तय कर रात साढ़े बारह बजे पोर्ट लुईस बंदरगाह पहुंचा। यह जहाज 24 मार्च को खुले समुद्र में रवाना हुआ था। पहली बार भारत का कोई जहाज केवल महिला चालक दल के सदस्यों के साथ रवाना हुआ है। यह जहाज अगले साल समूची विश्व की यात्रा पर रवाना होगा।
मॉरीशस में इस जहाज की अगवानी मॉरीशस तटरक्षक के जहाज रेर्टिएवर ने पोर्ट लुईस बंदरगाह पहुंचने से पहले की और उसे साथ लेकर तट तक पहुंचा, जहां भारतीय उच्चाधिकारी, राष्ट्रीय तटरक्षक के कमांडेंट और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
आईएनएसवी महादेई के बंदरगाह पहुंचने से 10 मील पहले मॉरीशस की 10 महिला पुलिस अधिकारियों ने जहाज पर भारतीय दल के साथ तट तक का सफर किया।
नौसेना के प्रवक्ता ने कहा, “जहाज के दल ने 35 नॉट प्रति घंटा की बेहद तेज हवाओं के बीच उफनते समुद्र में यात्रा की। यह अगले साल होने वाली विश्व यात्रा को लेकर अहम कदम है।”
जहाज के दल में लेफ्टिनेंट पी. स्वाति, लेफ्टिनेंट बी. ऐश्वर्य, लेफ्टिनेंट प्रतिभा जामवाल, लेफ्टिनेंट विजया और लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता शामिल हैं। उन्होंने मॉनसूनी हवाओं के बीच उफनते अरब सागर में अपनी यात्रा पूरी की।
यह दल अगले 10 दिनों तक वहीं बंदरगाह पर रुकेगा। इस दौरान वे मॉरीशस के राष्ट्रपति अमीना गरीब से मुलाकात करेंगी। साथ ही वे लैंगिक समानता और बाल विकास मंत्री समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगी।
यह जहाज आगंतुकों, स्कूली बच्चों और गणमान्य अतिथियों के लिए दिन में खुला रहेगा। उनकी वापसी की यात्रा 24 जून को शुरू होगी। जोशी और स्वाती इस यात्रा की पहले की गई यात्राओं का भी हिस्सा रही हैं।
इस जहाज के चालक दल के सदस्यों को कमांडर दिलीप डोंडे ने प्रशिक्षित किया है। उन्होंने 2008-09 के दौरान अकेले आईएनएसवी महादेई को लेकर समुद्री यात्रा पर निकले हैं।
महिलाओं का यह दल जिस जहाज पर अगले साल विश्व यात्रा के लिए निकलेगा, उसका निर्माण गोवा में किया जा रहा है। इस जहाज का अभी तक नामकरण नहीं किया गया है और इसके फरवरी 2017 में नौसेना में शामिल होने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath