चीन का सैन्य जहाज जापानी जल क्षेत्र में घुसा

बीजिंग, 15 जून (आईएएनएस)। चीन का एक सैन्य जहाज बुधवार को दक्षिण-पश्चिमी जापान के जल क्षेत्र में घुस आया।

समाचार एजेंसी ‘एफे’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरे दशक में पहली ऐसी घटना है और चीनी नौसेना के एक जहाज के विवादित सेंकाकू द्वीप के निकट आ जाने के एक सप्ताह बाद घटित हुई है।

जापान के रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने जापानी राष्ट्रीय प्रसारक ‘एनएचके’ को बताया कि खुफिया प्रौद्योगिकी से लैस सैन्य जहाज तड़के 3.30 बजे कुचिनोएराबु द्वीप के निकट जापानी जल क्षेत्र में घुस आया।

अधिकारियों के मुताबिक, जहाज दक्षिण पूर्व में था और यह तड़के 5 बजे जापानी जल क्षेत्र से बाहर निकल गया।

जापानी सरकार के एक प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि की है और कहा है कि जापान ने बीजिंग से इस पर सफाई मांगी है।

पिछले सप्ताह जापानी सरकार ने चीनी नौसेना के एक जहाज के सेंकाकू द्वीप के निकट आ जाने के बाद औपचारिक विरोध दर्ज किया था।

हालांकि, चीनी तटरक्षक जहाजों का सेंकाकू के निकट आना आम है, लेकिन यह पहली बार है जब नौसेना के किसी जहाज ने ऐसा किया है।

बुधवार को हुई घुसपैठ वर्ष 2004 के बाद किसी चीनी सैन्य जहाज द्वारा पहली घुसपैठ है। 2004 की घटना में एक परमाणु पनडुब्बी इशिगाकी द्वीप के निकट आ गई थी। हालांकि, उस समय जापानी द्वीपसमूह के मुख्य द्वीपों के बेहद नजदीकी इलाके में ऐसा हुआ था।

दक्षिण चीन समुद्र में स्थित निर्जन सेंकाकू द्वीप समुद्री और ऊर्जा संसाधनों से सम्पन्न माना जाता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493