राजनाथ गुरुवार को तटीय सुरक्षा की समीक्षा करेंगे (लीड-1)

मुंबई, 15 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह तटीय सुरक्षा की समीक्षा के लिए नौ तटीय राज्यों व चार केंद्रशासित प्रदेशों के शीर्ष अधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक करेंगे। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

बैठक में गृहमंत्री के साथ गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू, गृह मंत्रालय, अंतर-राज्यीय काउंसिल सेक्रेटेरियट, रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया, भारतीय तटरक्षक, जहाजरानी, पशुपालन, डेयरी व मत्स्य पालन विभाग के शीर्ष अधिकारी भी हिस्सा लेंगे। साथ ही तटीय राज्यों के गृहमंत्री, मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक भी बैठक में मौजूद रहेंगे।

नौ तटीय राज्यों में गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल तथा केंद्रशासित प्रदेशों में दमन एवं दीव, दादर एवं नगर हवेली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा लक्ष्यद्वीप शामिल हैं।

बैठक में तटीय सुरक्षा योजनाओं का क्रियान्वयन एवं तटीय सुरक्षा समीक्षा के लिए राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में संस्थानों की स्थापना, राज्य समुद्री बोर्डो का गठन, गैर-प्रमुख बंदरगाहों की सुरक्षा, तटीय मानचित्रण तथा द्वीपों की सुरक्षा पर चर्चा होगी।

इसके अलावा, मछुआरों के बीच बायोमेट्रिक कार्डो व कार्ड रीडर का वितरण, मछली पकड़ने वाले व अन्य नौकाओं की कलर कोडिंग, मछुआरों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा को पार करने पर निगरानी के मुद्दे पर भी चर्चा होगी।

तटों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तटरक्षक, तटीय राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश उठाए गए कदमों को पेश करेंगे और इसे और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त जरूरतों पर चर्चा होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493