लंदन, 15 जून (आईएएनएस)। स्वीडन के स्टार स्ट्राइकर ज्लाटन इब्राहिमोविक ने इंग्लिश फुटबाल क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के साथ एक सत्र के लिए जुड़ने पर सहमति जताई है। वह इस समय अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए यूरो कप में खेल रहे हैं जिसके बाद उनका स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जाएगा।
समाचार एजेंसी एफे ने स्काई स्पोर्ट्स के हवाले से मंगलवार को बताया कि इब्राहिमोविक के एजेंट मिनो राइओला और युनाइटेड के कार्यकारी उपाध्यक्ष एड वुडवर्ड के बीच हाल में हुई बातचीत में व्यक्तिगत शर्तों पर सहमति बन गई है।
जोस मोरिन्हो के क्लब का कोच बनने के बाद इब्राहिमोविक टीम में शामिल होने वाले दूसरे खिलाड़ी होंगे। उनसे पहले क्लब ने एरिक बेली के साथ करार किया था।
इब्राहिमोविक का फ्रांस के फुटबाल क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के साथ करार इस सत्र में खत्म हो गया। वह इस समय मुफ्त स्थानांतरण के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने पीएसजी को चारों सत्रों में लीग-1 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। 2012 में क्लब के साथ जुड़ने के बाद उन्होंने 179 मैचों में कुल 154 गोल किए थे।
उन्होंने अपने देश के लिए 114 मैचों में कुल 62 गोल किए हैं।
dharmpath.com dharmpath