नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। गुरिदर चड्ढा निर्देशित फिल्म ‘वायसराइज हाउस’ में हॉलीवुड अभिनेता ह्मूग बोनविले संग किरदार निभाने वाली अभिनेत्री हुमा कुरैशी का कहना है कि ह्मूग की ‘भारत और भारतीय राजनीति में गहरी दिलचस्पी’ है।
हुमा ने आईएएनएस को बताया, “ह्मूग कमाल के और यकीनन बेहद प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं। वह बहुत बुद्धिमान भी हैं। वह दुनिया की खबरों, मौजूदा चलन से अच्छी तरह वाकिफ हैं। वह एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिनकी भारत एवं भारतीय राजनीति में बहुत दिलचस्पी है।”
29 वर्षीया हुमा ने यह भी कहा कि ह्मूग साथ काम करने के लिहाज से बहुत बढ़िया हैं। उन्हें टेलीविजन धारावाहिक ‘डाउनटोन अबे’ में रॉबर्ट ग्रांथम की भूमिका निभाने के लिए याद किया जाता है।
हुमा ‘डाउनटोन अबे’ की प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा, “ह्यूग साथ काम करने के लिहाज से बहुत अच्छे हैं और मुझे अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों विशेषकर ह्यूग के साथ काम करने में बड़ा मजा आया।”
‘वॉयसराइज हाउस’ 1947 के दौरान भारत के बंटवारे के वक्त वायसराय के हाउस के अंदर के हालात के बारे में है।
dharmpath.com dharmpath