आईएसएल के लिए डिफेंडर राहुल के साथ पुणे सिटी का करार

पुणे, 15 जून (आईएएनएस)। एफसी पुणे सिटी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईएसएल) के आगामी संस्करण के लिए ईस्ट बंगाल के डिफेंडर राहुल भेके को ईस्ट बंगाल से ऋण पर अपनी टीम में शामिल किया है।

टूर्नामेंट के पिछले सत्र में राहुल केरला ब्लास्टर्स की टीम से खेले थे।

राहुल (25) अपने पेशेवर करियर की शुरुआत एयर इंडिया के साथ 2011 में की थी। उन्होंने इससे पहले महिंद्रा युनाइटेड की अंडर-19 टीम में खेला था।

आई-लीग से एयर इंडिया को बाहर किए जाने के बाद मुंबई के रहने वाले राहुल ने जनवरी 2014 में मुंबई टाइगर्स के साथ करार किया था।

अपनी घरेलू टीम के साथ दो सत्र तक खेलने के बाद वह 2015 में ईस्ट बंगाल से जुड़ गए थे।

पुणे सिटी के प्रमुख कोच एंटोनियो हबास ने इस करार का स्वागत करते हुए कहा, “आईएसएल में राहुल युवा प्रतिभाओं में से एक हैं, जिन्होंने अपने कौशल से मुझे प्रभावित किया है।”

अपने नए करार से उत्साहित राहुल ने कहा कि वह टीम के लिए उच्च स्तर पर योगदान देना चाहते हैं।

राहुल ने कहा, “आपके अपने राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करना काफी अच्छी बात है। मैं इस क्लब का हिस्सा बनकर काफी उत्साहित हूं और अधिक से अधिक गोल दागकर क्लब के लिए योगदान देने की कोशिश करूंगा।”

पुणे सिटी के सह-मालिक और बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने कहा, “मैं राहुल का पुणे के परिवार में स्वागत करता हूं और उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। वह एकदम फिट हैं और टीम में उनका शामिल होना हमारे लिए लाभदायक होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493