आइसलैंड के जश्न पर भड़के रोनाल्डो

सेंट-एतिएने (फ्रांस), 15 जून (आईएएनएस)। पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप 2016 के ग्रुप-एफ में आइसलैंड के साथ 1-1 से ड्रॉ हुए मुकाबले के बाद प्रतिद्वंद्वी टीम द्वारा मनाए गए जश्न की आलोचना की है।

मुकाबले के पहले हाफ में नानी के गोल से पुर्तगाल ने 1-0 से बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ में बिरकिर जार्नेसन ने 50वें मिनट में आइसलैंड के लिए गोल दागते हुए मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।

आइसलैंड पहली बार किसी बड़े टूर्नामेंट में खेल रहा है। टीम के प्रशंसक तथा खिलाड़ी पुर्तगाल के खिलाफ पहले ही मुकाबले में हुए इस ड्रॉ से काफी खुश हैं। उन्होंने इसका जश्न भी मनाया।

मुकाबले के बाद मीडिया से बातचीत में रोनाल्डो ने कहा, “जिस प्रकार से उन्होंने (आइसलैंड के खिलाड़ियों व प्रशंसकों ने) मैच के बाद जश्न मनाया, वह अविश्वसनीय था। आइसलैंड ने खेलने की कोशिश नहीं की। सिर्फ बचाव, बचाव और बचाव ही किया। इसके बाद उन्होंने ऐसे जश्न मनाया जैसे यूरो कप जीत गए हों। मेरे विचार में इसे छोटी सोच कहते हैं। वे इस टूर्नामेंट में कुछ भी नहीं करने जा रहे हैं।”

पुर्तगाल के 31 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, “यह थोड़ा निराशाजनक है। हमने जीत हासिल करने की इतनी कोशिश की और आइसलैंड ने कुछ भी कोशिश नहीं की। उन्होंने एक गोल किया, 90 मिनट के खेल के दौरान उनको कुछ अवसर मिले, इसके सिवाय उनका हर खिलाड़ी गेंद के पीछे रहा। उन्होंने गोलपोस्ट में जैसे बस पार्क कर दी थी। यह उनके लिए भाग्यशाली रात थी।”

रोनाल्डो ने कहा, “यह काफी मुश्किल होता है, जब एक टीम कोई कोशिश तक नहीं करती। पुर्तगाल ने फुटबाल खेलने की कोशिश की और हमने हर मुकाबला जीतने की कोशिश की। अपने अगले मुकाबले में जीत के लिए हम 100 प्रतिशत आश्वस्त हैं।”

रोनाल्डो की बातें आइसलैंड की टीम को चुभी हैं। आइसलैंड के डिफेंडर कारी आर्नासोन ने रोनाल्डो के रवैये की खिल्ली उड़ाई है। आर्नासोन पूरे मैच में रोनाल्डो को मार्क किए हुए थे।

आर्नासोन ने कहा, “यह और भी सुखद है जब आप उन्हें (रोनाल्डो को) रोता-बिसूरता पराजित देखते हैं। ठीक है, वह जो चाहे कह सकते हैं। सच यह है कि उन्हें कोई मौका नहीं मिला। एक मिला भी तो उसे गोल में नहीं डाल सके। अब क्या कहूं? रोता हुआ पराजित।”

आर्नासोन इतने पर ही नहीं माने। अर्जेटीना के खिलाड़ी लिओनेल मेसी से रोनाल्डो की चिर परिचित प्रतिद्वंद्विता को हवा देते हुए उन्होंने कहा कि मेसी हमेशा ही रोनाल्डो से बेहतर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493