अजय देवगन को निर्देशित करना सौभाग्य की बात : रेमो डिसूजा

मुंबई, 16 जून (आईएएनएस)। कोरियोग्राफर से निर्देशक बने रेमो डिसूजा खुद को भाग्यशाली मान रहे हैं कि वह अपनी आगामी फिल्म में अजय देवगन का निर्देशन करेंगे।

रेमो ने अपने रियलिटी शो ‘डांस प्लस’ के दूसरे सत्र के लांच के मौके पर कहा, “वह (अजय) बेहतरीन और सबसे अच्छे अभिनेताओं में से एक है और मैं भाग्यशाली हूं कि उनका निदेशन करने जा रहा हूं। मैं इस फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित हूं।”

फिल्म में अभिनेता सूरज पंचोली भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं और कथित तौर पर यह डांस और एक्शन पर आधारित है।

रेमो से पहले अजय और सूरज को जर्मनी में अंतर्राष्ट्रीय स्टंट निर्देशकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेना होगा।

रेमो ने कहा कि वह टाइगर श्रॉफ और जैकलिन फर्नाडीज अभिनीत आगामी फिल्म ‘फ्लाइंग जाट’ की शूटिंग पूरी करने के बाद सिंतबर में फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। यह फिल्म 25 अगस्त को रिलीज होगी।

टाइगर के बारे में उन्होंने बताया, “मुझे लगता है कि जितने भी कलाकार मैंने अब तक देखे हैं, उनमें से टाइगर सबसे अधिक मेहनत करने वाले कलाकारों में से हैं। वह बेहद ईमानदार, बेहद मेहनती और बेहद प्रतिभाशाली हैं। किसी एक व्यक्ति में इन तीनों चीजों का होना मुश्किल है, लेकिन इस लड़के में हैं। वह शानदार हैं।”

फिल्म एकता कपूर की बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा निर्मित होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493