कोची, 21 जून (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी केरला ब्लास्टर्स ने इंग्लैंड के पूर्व फुटबाल खिलाड़ी स्टीव कोपेल को लीग के तीसरे संस्करण के लिए अपना मुख्य कोच बनाया है। मंगलवार को फ्रेंचाइजी ने इस बात की घोषणा की।
कोपेल टीम के सहयोगी स्टाफ के साथ मिलकर काम करेंगे। टीम चयन में भी उनका अहम रोल रहेगा।
कोपेल इंग्लिश फुटबाल क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के लिए खेल चुके हैं। युनाइटेड के लिए खेलते हुए उन्होंने 322 मैचों में 53 गोल किए थे।
वह 1977 से 1983 तक इंग्लैंड के लिए भी 42 मैच खेल चुके हैं, लेकिन चोट के कारण उनका करियर प्रभावित रहा था।
कोच बनने के बाद एक बयान में कोपेल ने कहा, “इंडियन सुपर लीग के पिछले दो संस्करणों ने भारतीय फुटबाल के स्तर में सुधार का अच्छा आधार तैयार किया है। इसने भारतीय खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपने आप में सुधार करने का बेहतरीन मौका दिया है, जिससे भारतीय फुटबाल की नींव मजबूत होगी।”
उन्होंने कहा, “मैंने केरला ब्लास्टर्स एफसी के प्रशंसकों और केरल के फुटबाल इतिहास के बारे में काफी कुछ सुना है। मैं खिलाड़ियों को मैच जीतने के लिए वातावरण प्रदान करने में विश्वास रखता हूं। मैं टीम के साथ काम करने और अपने अनुभव को साझा करने के लिए तैयार हूं।”
dharmpath.com dharmpath