अंटाननरीवो , 23 जून (आईएएनएस)। दक्षिण पश्चिमी मेडागास्कर में डकैतों ने टैक्सी में सवार 31 यात्रियों को मौत के घाट उतार दिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सुरक्षा अधिकारी डेनियल रमियनड्रिसोआ ने संवाददाताओं को बताया कि तोलियारा से बेरोहा जा रही 32 यात्रियों से भरी टैक्सी पर डकैतों ने हमला किया।
रमियनड्रिसोआ ने बताया, “टैक्सी पर हमला करने वाले करीब 20 डाकू घात लगाए बैठे थे। उन्होंने अवरोधक लगाए हुए थे। चालक इससे बच निकला था लेकिन डाकुओं ने पीछे के टायर में गोली मारी जिससे टैक्सी पलट गई।”
मरने वालों में 10 बच्चे शामिल हैं। एक बच्चा बचा है, लेकिन वह गंभीर रूप से जख्मी है।
उन्होंने कहा कि डाकुओं ने फरार होने से पहले 2 हजार डालर लूट लिए।
रमियनड्रिसोआ ने कहा कि इस घटना से कुछ घंटे पहले इन्हीं डाकुओं ने इसी इलाके में एक सैन्य वाहन पर हमला किया था।
राष्ट्रीय जेंडरमेरी के तहत सुरक्षा और जांच के निदेशक जनरल एंथनी रोकोटोअरीसन ने कहा कि राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने क्षेत्र में शांति बहाल के लिए 50 सैनिक भेजे हैं।
dharmpath.com dharmpath